Weather Updates: दिल्ली में रात 8 बजे तक यमुना का जलस्तर 206.39 मीटर पहुंचा, हिंडन और गोदावरी नदी भी उफान पर

Weather Updates: महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, उत्तराखंड और दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। वहीं, दिल्ली में भी यमुना का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। गुजरात में भी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के कई शहरों में भारी बारिश हो रही है। इसके साथ ही बदरीनाथ हाईवे भी बंद हो गया है। यहां पढ़ें मौसम से जुड़ी तमाम बड़ी अपडेट्स...;

Update: 2023-07-23 02:40 GMT

Weather Updates: महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, उत्तराखंड और दिल्ली समेत कई राज्यों में मॉनसून की बारिश ने कहर बरपाया है। राजधानी दिल्ली में हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण दिल्ली फिर से हाई अलर्ट पर है और यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो गई है। वहीं, लगातार बारिश के कारण मुंबई में सड़कें बंद हो गईं, ट्रेनें रद्द हो गईं और शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टियां घोषित कर दी गईं हैं। इस बीच, गुजरात के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसमें से लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ को अन्य बलों की टीम को हाई अलर्ट पर रख दिया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी हालात खराब हो रहे हैं। नोएडा में हिंडन नदी में जल स्तर बढ़ने के कारण नदी के किनारे के घर डूबने के बाद कई परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

Weather Updates News:

रात 8 बजे तक 206.39 मीटर जलस्तर

दिल्ली: आज रात 8 बजे यमुना का जलस्तर 206.39 मीटर दर्ज किया गया। शाम सात बजे जलस्तर 206.37 मीटर रिकार्ड किया गया। यमुना के जलस्तर का खतरे का निशान 205.33 है.

शाम 6 बजे तक 206.35 मीटर यमुना का जल स्तर

शाम 6 बजे तक दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 206.35 मीटर तक पहुंचा चुका है। इसके अलावा हिंडन और गोदावरी नदी भी उफान पर है। नोएडा के कई इलाकों में पानी भर गया है। लोगों ने पलायन शुरू कर दी है।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पानी भर गया

अहमदाबाद में शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण एयरपोर्ट के परिसर में पानी भर गया और इस पानी को बाहर निकालने के लिए अधिकारियों की तरफ से रात-भर कार्य किया गया था। हालांकि, अहमदाबाद और गुजरात में बाढ़ एवं बारिश ने गंभीर समस्या पैदा कर दी है और लोगों की मुसीबतों में इजाफा कर दिया है। जगह-जगह पर जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को कहीं जाने में भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तराखंड में भारी बारिश

उत्तराखंड में राज्य के सभी 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश की वजह से लैंडस्लाइड हुई है और चमोली में बद्रीनाथ हाईवे बाधित हो गया है। इस रास्ते पर यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए बहाली के प्रयास जारी हैं। इस बारिश की वजह से यमुनोत्री यात्रा को रोक दिया गया है। बता दें कि शनिवार को उत्तरकाशी जिले की पुरोला और बड़कोट तहसीलों के ऊंचे इलाकों में बादल फटा था और एक व्यक्ति की जान भी चली गई थी।

हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर

मानसून के कहर से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक हिमाचल प्रदेश है। यहां पर बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों जान चली गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लैंडस्लाइड में एक नेपाली दंपत्ति जिंदा दफन हो गए, जबकि शनिवार को शिमला में अचानक आई बाढ़ में ढाबा बह जाने से एक बुजुर्ग दंपत्ति और उनके पोते की भी जान चली गई। वहीं, शिमला में कोटखाई के कलाला गांव में भारी बारिश के बाद हुई लैंडस्लाइड में कई लोगों के घर भी पूरी तरह से तबाह हो गए हैं।

गुजरात में भी बारिश का कहर

गुजरात में, आईएमडी ने वलसाड, भावनगर, देवभूमि द्वारका, दमन और दादरा नगर हवेली के लिए 'रेड अलर्ट' और अहमदाबाद, आनंद, भरूच, बनासकांठा, साबरकांठा, अमरेली, जामनगर, गिर सोमनाथ और कच्छ के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जिसमें अगले दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। बीते शनिवार को लगातार बारिश की वजह से वाहनों के इंजन में पानी घुसने से आवागमन बाधित हो गया। गुजरात में नेशनल हाईव 48 पर भारी जाम लग गया, इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। नवसारी और जूनागढ़ सबसे अधिक प्रभावित जिले रहे। जूनागढ़ शहर में दर्जनों वाहन और पशु पानी के तेज बहाव में बह गए हैं।

उत्तराकाशी जिला मजिस्ट्रेट ने क्या कहा

उत्तरकाशी के जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक रोहिला ने बताया कि जिले में भारी बारिश की वजह से पुरोला, बड़कोट और डुंडा में 50 से ज्यादा घर को काफी नुकसान पहुंचा है और 50 से ज्यादा मार्ग अवरूद्ध हो गए हैं। वहीं, उन्होंने बताया कि तकरीबन 40 से ज्यादा गांवों में बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गई हैं और किसानों की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा

दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और 205.81 मीटर के स्तर पर पहुंच गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़ा गया है, जिससे जलस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

Tags:    

Similar News