Weather Update: ठंड ने दी दस्तक, केरल समेत कई राज्यों में आज बारिश का अलर्ट
Weather Update: देशभर में कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पढ़ें बाकी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम...;
Weather Update: देश के कई इलाकों में बारिश के बाद ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में अब भी बारिश की गतिविधयां देखने को मिल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों तक हल्की धुंध की आशंका जताई गई है। वहीं, दक्षिण भारत के केरल, माहे, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी।
दिल्ली के मौसम का हाल
आईएमडी के मुताबिक, आज दिल्ली (Delhi) में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने की संभावना है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में पारा और नीचे गिरेगा। वहीं शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 16 डिग्री रहा। साथ ही, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की बात करें तो शुक्रवार की सुबह एक्यूआई 260 दर्ज किया गया था।
उत्तरप्रदेश का मौसम
यूपी (UP) के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला रहा है। यहां पर लोग सुबह तेज धूप और शाम को हल्की ठंड महसूस कर रहे हैं। यहां पर ओस के कारण मौसम में नमी बनी हुई है। इस वजह से मौसम में हल्की ठंड बनी हुई है। बीते दिनों यूपी में मौसम साफ रहा था। मौसम विभाग की तरफ से कहा गया कि दशहरे तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
इसके अलावा आज राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा (Haryana) में बारिश के साथ हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक आज 21 अक्टूबर को केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। साथ ही, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश के आसार हैं।