गुजरात में क्या उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ होंगे चुनाव? सीएम विजय रुपाणी ने दिया ये जवाब
पत्रकारों ने सीएम से पूछा कि क्या अगले साल के शुरू में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ ही गुजरात के भी चुनाव कराये जाने की संभावना है।;
भारत के कई राज्यों में अगले साल 2022 में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसी बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा सामने आई है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ ही गुजरात में भी चुनाव होने की उम्मीद है। इस तरह की चल रही चर्चाओं पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने बयान दिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री ने राज्य में विधानसभा चुनाव जल्द कराने की संभावना से इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे 5 साल लोगों के बीच काम करने में विश्वास रखती है। गुजरात में विधानसभा चुनाव अगले साल दिसंबर में होने हैं।
पत्रकारों ने सीएम से पूछा कि क्या अगले साल के शुरू में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ ही गुजरात के भी चुनाव कराये जाने की संभावना है। इस पर उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि गुजरात विधानसभा चुनाव जल्दी होंगे। राज्य में समय पर ही चुनाव कराया जायेगा। हम ऐसे लोग हैं जो लगातार काम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कभी भी चुनाव जीतने के लिए कोई योजना शुरू नहीं की। भाजपा पूरे 5 साल के लिए जनता के बीच है, इसलिए जल्दी चुनाव का सवाल ही नहीं उठता है।
बता दें मुख्यमंत्री के रूप में अपने 5 साल पूरे होने पर 9 दिवसीय समारोह के समापन के बाद नर्मदा जिले के राजपिपला में पत्रकारों से बात करते हुए ये बाते कहीं थी। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि गुजरात में कांग्रेस का अस्तित्व चुनाव के समय ही महसूस होता है। चुनाव के दौरान ही कांग्रेस में कुछ हलचल देखी जाती है। उनकी गतिविधियां चुनाव केंद्रित हैं।