Bank Strike: 31 जनवरी तक बैंक रहेंगे बंद, कर्मचारियों ने हड़ताल का किया आह्वान, जानिये मांगें
अगर आप जनवरी में बैंक से जुड़े कार्य निपटाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। बैंक कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने महज दो दिन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है, लेकिन चार दिन तक आप बैंक से जुड़ा कार्य नहीं कर पााएंगे। पढ़िये रिपोर्ट...;
Bank Strike January 2023: अब आप जनवरी 2023 के महीने में बैंक नहीं जा पाएंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि महीने के बचे हुए दिनों में बैंक बंद (bank closed) रहेंगे। आज से अगले 4 दिन यानी 28-31 जनवरी बैंक का कामकाज नहीं होगा। आगे जानिए आखिर बैंक कर्मचारी क्यों हड़ताल पर जाने वाले हैं।
जनवरी महीने के कैलेंडर को देखें तो आज 28 जनवरी के दिन चौथा शनिवार और कल रविवार की वजह से बैंक बंद रहेंगे। 30 और 31 जनवरी को बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने जानकारी देते हुए बताया कि यूनियन फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 30 और 31 जनवरी के दिन हड़ताल का आह्वान किया है। इन दो दिनों में बैंक का कामकाज प्रभावित रहेगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी साथ जुड़ी एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए एसोसिएशन आदि ने एसबीआई को हड़ताल का नोटिस दिया है।
अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (AIBEA) के महासचिव सी एच वेंकटचलम ने बताया कि बैंक कर्मचारी मुख्य तौर पर 5 मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। कर्मचारियों की मांग हैं कि बैंकिंग वर्किंग कल्चर में सुधार किया जाए, बैंकिंग पेंशन को अपडेट किया जाए, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) को खत्म किया जाए, वेतन रिवाइज किया जाए और सभी काडर में जल्द से जल्द नई भर्तियां करवाई जाए। खास बात यह है कि हड़ताल ऐसे समय में हो रही है, जब 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश करने जा रही हैं।
बैंक छुट्टियों की लिस्ट
28 जनवरी 2023: चौथे शनिवार का अवकाश
29 जनवरी 2023: रविवार का अवकाश
30 जनवरी 2023: बैंक हड़ताल
31 जनवरी 2023: बैंक हड़ताल