जापानी कंपनी टोयोटा की कोरोना काल और लॉकडाउन के बाद आधी हुई बिक्री, इतना आया प्रभाव
भारत ही नहीं दुनिया के दूसरे देशों में 50 प्रतिशत से भी ज्यादा कार बिक्री हुई प्रभावित।;
कोरोना काल और लॉकडाउन के बीच देश में अधिकतम उद्योगों के बंद होने के बाद उन्हें पटरी पर आने में अब तक समय लग रहा है। यही हाल जापान के टोक्यो की कार कंपनी टोयोटा (Toyota Car) का है। जी हां कोरोना काल और लॉकडाउन की वजह से टोयोटा का मुनाफा इस वर्ष की पिछली तिमाही में 74 प्रतिशत गिर गया। कोरोना वायरस महामारी की वजह से कंपनी के वाहनों की बिक्री एक साल पहले की तुलना में करीब आधी रह गई है। कंपनी इसे बढाने के लिए लगातार प्रयास में जुटी है, लेकिन अभी तक इसमें ज्यादा सुधार नहीं हुआ है। हालांकि सभी को उम्मीद है कि आने वाले त्योहारी सीजन तक वाहनों की बिक्री फिर से पटरी पर लौट आएगी।
दरअसल, टोयोटा मोटर कार्पोरेशन ने कोरोना और लॉकडाउन के बाद से अप्रैल- जून तिमाही के दौरान 158.8 अरब येन (1.5 अरब डालर) का मुनाफा रहने की जानकारी दी है। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा 619 अरब येन रहा था। कंपनी ने इस अवधि के दौरान दुनियाभर में 12 लाख वाहनों की बिक्री की थी। जबकि पिछले साल इसी अवधि में उसने 23 लाख वाहनों की बिक्री की थी। कंपनी ने कहा कि अप्रैल- जून अवधि में उसकी वाहन बिक्री 40 प्रतिशत घटकर 4,600 अरब येन (43.6 अरब डालर) रह गई।
कोविड- 19 महामारी के कारण लॉकडाउन लगने से उसके उत्पादन पर रोक लग गई। वहीं इससे बिक्री कारोबार में व्यवधान उत्पन्न हुआ। इस दौरान टोयोटा की बिक्री में दुनिया के सभी प्रमुख बाजारों में गिरावट आई है। अमेरिका, जापान और यूरोप में बिक्री को नुकसान पहुंचा है हालांकि चीन में इसमें सुधार देखा गया। टोयोटा को चालू वित्त वर्ष के दौरान अब 730 अरब युआन का लाभ होने का अनुमान है जो कि एक साल पहले के मुकाबले 64 प्रतिशत कम होगा।