राशन दुकानों पर नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, सरकार की इस नई ऐप में मिलेगी पूरी जानकारी, फर्जवाड़ा होने पर खुद राशन कार्ड डीलर को भी बदल सकेंगे

इस मोबाइल ऐप को उपभोक्ता मंत्रालय ने जारी किया है जिसका नाम 'मेरा राशन ऐप' है। इसी मंत्रालय के तहत खाद्य वितरण प्रणाली या पीडीएस का काम आता है।;

Update: 2021-05-19 05:48 GMT

नई दिल्ली। अकसर लोगों को राशन लेने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। राशन डीलरों (Ration Dealers) की मनमानी और उनके जरिए राशन में फर्जीवाड़ी की खबरें आपने कई बार सुनी ही होंगी। लेकिन अब राशन डीलरों की मनमानी और राशन वितरण में घोटाले जैसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सकेगी। केंद्र सरकार (Central Government) ने लोगों के लिए एक ऐप लॉन्च (Mobile App Launch) किया है। इस ऐप के जरिए राशन लेने में मदद मिल सकेगी। इस मोबाइल ऐप को उपभोक्ता मंत्रालय (Ministry of Consumer) ने जारी किया है जिसका नाम 'मेरा राशन ऐप' (My Ration App) है। इसी मंत्रालय के तहत खाद्य वितरण प्रणाली या पीडीएस का काम आता है। राशन का वितरण पीडीएस के जरिये किया जाता है। लोगों को राशन दुकानों के चक्कर न लगाना पड़े, इसमें मेरा राशन मोबाइल ऐप मददगार साबित हो रहा है। सरकार ने 'वन नेशन वन राशन कार्ड' (One Nation One Ration Card) सिस्टम शुरू किया है जिसमें मोबाइल ऐप का इस्तेमाल हो रहा है।

प्रवासियों के लिए है मददगार

वन नेशन वन राशन कार्ड सिस्टम उन लोगों के लिए खास तरह से मददगार है जो कामकाज के सिलसिले में अक्सर अपना राज्य बदलते रहते हैं। प्रवासी मजदूर काम के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं। बीच-बीच में घर भी लौटते हैं। इसे देखते हुए सरकार ने वन नेशन वन राशन कार्ड शुरू किया है। यह राशन कार्ड पूरी तरह डिजिटल है और इसे किताब की तरह ढोने की जरूरत नहीं है। डिजिटल होने के चलते इसे Mobile में लेकर चल सकते हैं। जहां कहीं भी रहें, इस Digital Card को दिखाकर अपना राशन उठा सकते हैं।

कार्ड के डिजिटल होने से बढ़ीं कई सुविधाएं

राशन कार्ड पूरी तरह से डिजिटल होने के बाद लोगों के लिए इसकी सुविधा और बढ़ा दी गई है। उपभोक्ता मंत्रालय ने प्रवासी मजदूरों की सुविधाओं का खयाल रखते हुए मेरा राशन ऐप लांच किया है। यह मोबाइल ऐप दो भाषाओं- हिंदी और अंग्रेजी में है। इसे इस्तेमाल करना बेहद आसान है। ऐप के जरिए राशन दुकान पर उपलब्ध राशन की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। राशन में अनाज है या नहीं, पिछले छह महीने में कितना ट्रांजेक्शन किया और राशन कार्ड के लिए आधार सीडिंग की सुविधा इसमें आसानी से मिल जाएगी।

ऐप में मिलेगी सभी तरह की जानकारी

इस Mobile App में अपने राशन कार्ड को रजिस्टर कर सकते हैं, उसे डाउनलोड भी कर सकते हैं। राशन कार्ड से आधार लिंक है या नहीं, इसे भी देख सकते हैं। राशन कार्ड पर कितना वितरण हुआ है और घर के आसपास कितने राशन डीलर मौजूद हैं, ये सब जानकारी पा सकते हैं। चाहें तो खुद राशन कार्ड के डीलर को भी बदल सकते हैं। यह जानकारी भी मिलती है कि कौन सा डीलर आपके घर से कितना दूर है। उस डीलर का लाइसेंस नंबर और नाम, पता सबकुछ पाया जा सकता है। इसकी खासियत है कि पूरे देश में कहीं भी जाएंगे वहां पर आपके आसपास के डीलरों की जानकारी हासिल हो सकेगी। यह पूरा सिस्टम गूगल मैप्स से जुड़ा हुआ है।

Tags:    

Similar News